भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की चौबिया पंचायत में दो माह से सरकारी डिपो में सस्ता राशन नहीं मिल रहा है। सैकड़ों ग्रामीण बाजार से महंगे दाम पर राशन खरीदने को मजबूर हैं। बुधवार को पंचायत के प्रधान बाला ठाकुर ने एडीएम भरमौर कुलबीर सिंह राणा को लिखित शिकायत सौंपी। प्रधान बाला ठाकुर, ग्रामीण अशोक कुमार, विजय कुमार, प्रभिया राम और राकेश कुमार आदि ने बताया कि अगस्त से लेकर अब तक उन्हें राशन नहीं मिला है।
उपमंडल भरमौर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है और भारी बर्फबारी के आसार हैं। इससे उनकी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। उन्होंने बताया कि पहले अक्तूबर के अंत में अगले पांच माह का एडवांस राशन का कोटा उपलब्ध करवा दिया जाता था, लेकिन इस बार कोटा तो दूर अगस्त माह से सस्ता राशन कार्ड धारकों को नहीं मिल पाया है। उधर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुलबीर सिंह राणा से बताया कि उनके पास शिकायत पहुंची है। इस बारे में संबंधित विभाग से बात की जा रही है कि अगस्त से अब तक डिपो में राशन क्यों नहीं पहुंचा है।