चंबा। ग्राम पंचायत गुवाड़ और सराहन तक सफर में ग्रामीणों को जान जोखिम में डाल पहुंचना पड़ रहा है। इन पंचायतों को जोड़ने वाला रास्ता दराह के पास क्षतिग्रस्त हो चुका है। पंचायत स्तर पर कई बार रास्ते का पुन: निर्माण करवाने की मांग उठाई गई। बावजूद इसके अभी तक किसी ने भी इसकी सुध तक नहीं ली है। विद्यार्थियों और बीमार लोगों को गुजरना पड़ता है, जिससे हादसे का डर सताता रहता है।
ग्रामीण मनु कुमार, नील सिंह, सोनू, अजय, दिनेश कुमार, राजीव कुमार, पवन कुमार और रिंकू राम ने बताया कि भारी बारिश से रास्ता पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इस बारे में पंचायत प्रतिनिधि से लेकर जिला प्रशासन को भी अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक कुछ भी नहीं हो पाया है। प्रशासन इस रास्ते को जल्द ठीक करवाए।