चंबा। नगर परिषद चंबा की ऑनलाइन कूड़ा शुल्क चुकाने की सुविधा हांफ गई है। उपभोक्ताओं को न ओटीपी मिल रहा था, न शुल्क का समय पर भुगतान पूरा हो रहा था। शिकायतें बढ़ने के बाद नगर परिषद ने अब ऑफलाइन कूड़ा शुल्क जमा करवाने के आदेश दिए हैं।
हालांकि ऑफलाइन कूड़ा शुल्क लेने की व्यवस्था अस्थायी होगी। जैसे ही सिस्टम दुुरुस्त होगा तो लोगों को ऑनलाइन शुल्क चुकाने की सुविधा से जोड़ दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार नगर परिषद चंबा के सैकड़ों उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन सिस्टम में गड़बड़ी की शिकायत की है। उपभोक्ताओं के अनुसार कई लोगों को ओटीपी प्राप्त नहीं हो रहे, तो कई मामलों में लेन-देन बीच में ही रुक जा रहा था।
उधर, नगर परिषद के कर्मचारियों ने बताया कि 10 रुपये के शुल्क भुगतान पर भी ओटीपी आवश्यक था, लेकिन नेटवर्क समस्या और तकनीकी त्रुटियों के चलते प्रक्रिया बार-बार विफल हो रही थी। इससे उपभोक्ताओं के साथ कर्मचारियों का समय भी व्यर्थ हो रहा था। उधर, नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि जब तक तकनीकी खामियां दूर नहीं हो जातीं, तब तक सफाई कर्मचारी उपभोक्ताओं से ऑफलाइन शुल्क एकत्र करेंगे और उन्हें इसकी रसीद भी प्रदान की जाएगी।