चंबा के केला-कुठेड संपर्क मार्ग का भूमि पूजन करते सदर विधायक नीज नैयर।संवाद
चंबा। सड़कें किसी भी प्रदेश की भाग्य रेखाएं होती हैं। किसी भी क्षेत्र का विकास उस क्षेत्र को जोड़ने वाले संपर्क सड़क मार्ग पर निर्भर करता है। इसलिए हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना अनिवार्य है। यह बात सदर विधायक नीरज नैयर ने कैला से कुठेड संपर्क सड़क का भूमि पूजन करने के उपरांत लोगों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि तीन किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क के निर्माण कार्य के लिए पिछड़ा क्षेत्र उप योजना के तहत लगभग 63 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू कर छह माह के भीतर पूर्ण कर आम जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके पूर्व विधायक ने चंबा स्थित दरबार हॉल में आयोजित टायनी टोट्स प्ले स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने बच्चों और उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समग्र शिक्षा की ओर उन्मुख है।
उन्होंने कहा कि बुनियादी स्तर पर गुणात्मक और आधुनिक शिक्षा सुविधा घरद्वार पर उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने इस अवसर पर शिक्षा एवं खेल के अलावा अन्य बहुआयामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए मुख्यातिथि ने टायनी टोट्स प्ले वे स्कूल को 5,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।