ओपीडी सेवाएं शिफ्ट करने की तैयारियों में जुटा प्रबंधन
अब सचिवालय स्तर पर हो रहा फर्नीचर खरीद का टेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज को अगले महीने सरोल में शिफ्ट किया जा सकता है। प्रबंधन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
शुरुआत में कौन सी ओपीडी शिफ्ट होंगी, इसकी सूची बनाई जा रही है। एक साल से मेडिकल कॉलेज को शिफ्ट करने का कार्य लटका है। नए भवन में फर्नीचर न होना, इसका कारण है। तीन बार चंबा में फर्नीचर खरीद के टेंडर करवाए गए। कोई न कोई कमी रहने के कारण टेंडर अवार्ड नहीं हो पाए। ऐसे में इस बार टेंडर प्रक्रिया स्वास्थ्य सचिवालय में पूरी की जा रही है। पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार टेंडर अवार्ड हो जाएगा।
सरोल में मेडिकल कॉलेज के पहले चरण का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। ओपीडी ब्लॉक बनकर तैयार है लेकिन फर्नीचर न होने के कारण शुरू नहीं हो पा रहा है। पिछले साल मिंजर मेले के दौरान मुख्यमंत्री ने नए भवन का उद्घाटन किया था लेकिन तबसे लेकर अब तक मेडिकल कॉलेज शिफ्ट नहीं किया गया है। जहां मौजूदा समय में मेडिकल कॉलेज की सेवाएं चल रही हैं, वहां मरीजों से लेकर स्टाफ को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि जैसे ही नया फर्नीचर भवन में लग जाएगा, ओपीडी सेवाएं वहां शिफ्ट कर दी जाएंगी।