स्वास्थ्य केंद्र गेट के दरवाजे पर लटका ताला।
- फोटो : Chamba
खज्जियार (चंबा)। तीन पंचायतों का केंद्रबिंदु स्वास्थ्य उपकेंद्र गेट पर एक साल से ताला लटका हुआ है। साल में दो या तीन बार इस केंद्र को शिविर लगाने के लिए ही खोला जाता है। जबकि, रूटीन में संबंधित क्षेत्र के लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। पांच साल पहले केंद्र में महिला और पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता तैनात थे, जिससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों का टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच नियमित रूप से होती रहती थी। लेकिन, पांच वर्ष पहले महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता का सरकार ने दूसरी जगह तबादला कर दिया।
वहीं, एक साल पहले पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता को भी वहां से हटा दिया गया है। इसके चलते एक साल से यह उपरोक्त केंद्र बंद पड़ा हुआ है। जब कभी-कभार स्वास्थ्य शिविर लगाना होता है तो विभाग इस केंद्र को खोल देता है अन्यथा रोजाना केंद्र बंद पड़ा रहता है। पंचायत प्रतिनिधि केंद्र में स्टाफ की तैनाती करने के लिए कई बार सरकार और विभाग के अधिकारी को पत्र भेज चुुके हैं लेकिन, अभी तक उन पत्रों पर किसी ने कोई गौर नहीं किया है। इसको लेकर प्रतिनिधियों और ग्रामीणों में रोष है।
रठियार पंचायत प्रधान सुनील कुमार और ग्रामीणों राकेश कुमार, महिंद्र कुमार, अशोक कुमार, मदन लाल, चमन सिंह और बजीरू राम ने बताया कि क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को टीकाकरण और रूटीन जांच के लिए डलहौजी या फिर चंबा का रुख करना पड़ रहा है। इससे क्षेत्र की गरीब जनता काफी परेशान हैं। उन्होंने सरकार और विभाग से मांग की है कि केंद्र में जल्द स्टाफ की कमी दूर की जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कपिल शर्मा ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला लाया गया है। जल्द ही गेट में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता की तैनाती की जाएगी।