चंबा वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक में जनहित के मुद्दों पर मंथन
हकर वृद्धि पर भी चर्चा, कहा- आम नागरिकों पर पड़ा अतिरिक्त आर्थिक बोझ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक मुख्यालय में संगठन के प्रधान ओम प्रकाश गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई। इसमें संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।
संगठन ने नवगठित नगर परिषद और विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी। बैठक में नगर परिषद और पंचायतों के समक्ष कचरा प्रबंधन की चुनौती को प्रमुख मुद्दे के रूप में उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए कचरा प्रबंधन केवल स्थानीय निकायों की ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। जागरूकता अभियान, कार्यशालाओं, कचरे के पृथक्करण की प्रभावी व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण संयंत्र के लिए शीघ्र उपयुक्त स्थान का चयन समय की आवश्यकता है।
बैठक में जल शक्ति विभाग की ओर से लगभग दस माह से जल और सीवरेज बिलों की भुगतान प्रक्रिया अचानक बंद करने पर भी चिंता जताई। बताया कि इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल 16 फरवरी और 28 अप्रैल को जल शक्ति विभाग के अधीक्षण और अधिशासी अभियंता से मिला था लेकिन अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई गई है। निर्णय लिया कि विभाग शीघ्र स्थिति स्पष्ट नहीं करता है तो इस मामले को सरकार से उठाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
बैठक में नगर परिषद चंबा की ओर से लागू गृहकर वृद्धि पर भी चर्चा की गई। कहा कि इस अप्रत्याशित कर वृद्धि से आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। बैठक में ओमप्रकाश गोस्वामी, ईश्वरी प्रसाद शर्मा, जेएन वाली, सत्य प्रसाद वेद, चैन लाल शर्मा, डॉ. ओम प्रकाश पुरी, निक्कू राम धुनेरिया, हरेंद्र सिंह, पीएल ठाकुर, चेतन मारवा, प्रेम सिंह सरदार, डॉ. राजेश सहगल और योगराज पुरी मौजूद रहे।