हिम आंचल पेंशनर संघ की मुख्यालयमें आयोजित बैठक में मौजूद पदाधिकारी। जागरूक पाठक
हिमआंचल पेंशनर संघ की बैठक में पेंशनर बोले, आश्वासनों से नहीं चलेगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। हिमआंचल पेंशनर संघ चंबा की बैठक लक्ष्मण क्लब चंबा में प्रधान प्रेम सिंह बेदी की अध्यक्षता में हुई। इसमें सदस्यों ने कहा कि वर्षों से लंबित मामलों पर केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं जबकि पेंशनरों को अब भी अपने अधिकारों के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि बुजुर्ग पेंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार उनकी समस्याओं के समाधान में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लंबित मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो पेंशनरों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। चतुर्थ श्रेणी पेंशनरों के लंबित लाभों के भुगतान के लिए 110 करोड़ जारी किए हैं। इसके बाद कुछ मामलों में भुगतान प्रक्रिया शुरू हुई है। अभी भी हजारों पेंशनर अपने बकाया लाभों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सभी देनदारियों का समयबद्ध भुगतान किया जाए। कई सेवानिवृत्त कर्मचारी लंबे समय से चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को अधिक दरों पर महंगाई भत्ता मिल रहा है, वहीं हिमाचल के कर्मचारी और पेंशनर अभी भी पिछड़ रहे हैं।
बैठक में चंबा के चौगान का मुद्दा भी उठा। सदस्यों ने कहा कि चौगान में बढ़ती गतिविधियों और निर्माण कार्यों के कारण इसकी मूल पहचान प्रभावित हो रही है। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और पर्यटकों के लिए यह स्थल पहले की तरह सुविधाजनक नहीं रह गया है। उन्होंने प्रशासन से चौगान की ऐतिहासिक गरिमा और प्राकृतिक सौंदर्य को सुरक्षित रखने की मांग की। इस मौके पर मुश्ताक, जीवन कुमार, देवी प्रसाद, बाल कृष्ण, सोभिया राम, सुबोध, परस राम, सुभाष यादव, पवन बेदी, चंद्र प्रकाश, राकेश सिंह, शिव चरण चंद्रा मौजूद रहे।