घरेलू और कॉमर्शियल सिलिंडर के दाम में हुई है 60 से 115 रुपये की बढ़ोतरी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में घरेलू और कॉमर्शियल सिलिंडर के दाम में 60 रुपये से 115 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब घरेलू उपभोक्ताओं को 945 रुपये में मिलने वाला घरेलू गैस सिलिंडर 1005 रुपये में मिलेगा।
1920 रुपये में मिलने वाला कॉमर्शियल सिलिंडर अब 2035 रुपये में उपभोक्ताओं को मिलेगा। जिले में पेट्रोल और डीजल के दाम यथास्थिति में हैं। पेट्रोल 95 रुपये 29 पैसे प्रति लीटर और डीजल 87 रुपये 37 पैसे प्रति लीटर की दर से मिल रहा है। गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से अब गृहणियों की चिंताओं में इजाफा हो गया है। महिलाएं भी सरकार की इस बढ़ती महंगाई पर रोक न लगा पाने को लेकर चिंतित हैं।
घरेलू गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने से अब 60 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे। इससे महीने का बजट पूरी तरह से डगमगा गया है। सरकार को महंगाई रोकने के उपाय करने चाहिए। - सोनिया ठाकुर
घरेलू गैस सिलिंडरों के दाम शनिवार से बढ़ गए हैं। इससे अब गैस सिलिंडर भरवाना भी लोगों की जेबों पर खूब कैंची चलाएगा। - सीलू देवी
महंगाई के दौर में महिलाओं ने पूरे महीने का बजट तैयार कर रखा होता है लेकिन बीच-बीच में खाद्य सामग्री और अन्य सामान में होने वाली वृद्धि उनकी मुसीबतें बढ़ा रही है। - सुमन देवी
महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। रही5सही कसर अब घरेलू गैस सिलिंडर के दाम में होने वाली बढ़ोतरी ने पूरी कर दी है। कुल मिलाकर अब गरीब परिवारों की मुसीबतें बढ़ने वाली है। - काजल कुमारी
सरकार की ओर से एक तो निर्धन परिवारों की महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन दिया जाता है। दूसरी ओर, गैस सिलिंडर के दाम में होने वाली वृद्धि से उनकी मुसीबतें बढ़ाने का काम किया जा रहा है। - सीमा देवी