डलहौजी (चंबा)। नागरिक अस्पताल डलहौजी में लगाई गई सेंटर हीटिंग मशीन का मरीजों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। इस मशीन को सात साल पहले करीब ढाई करोड़ की राशि से बनाए गए अस्पताल में मनाली और शिमला की तर्ज पर स्थापित किया गया था। इस मशीन पर 50 लाख की राशि खर्च की गई है। हैरत इस बात की है कि इस मशीन को चलाने के लिए आज तक ऑपरेटर ही नहीं मिल पाया है। इसका खामियाजा अस्पताल में दाखिल मरीजों को कड़ाके की ठंड में भुगतना पड़ रहा है। वर्ष 2017 में अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन किया गया था। इसमें पहली बार सेंटर हीटिंग सिस्टम को लगाया गया था लेकिन मरीज आज भी इस सिस्टम का लाभ लेने के लिए इंतजार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि नागरिक अस्पताल डलहौजी में आसपास की एक दर्जन पंचायतों के लोग अपनी बीमारी का इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं। मरीजों को भर्ती करने के लिए अस्पताल में 50 बिस्तरों की भी सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में वहां रोजाना मरीजों को इलाज के लिए भर्ती भी किया जाता है। सर्दी के मौसम में मरीजों की सुविधा के लिए जो सेंटर हीटिंग सिस्टम वहां लगाया गया था, वह आज दिन तक चालू नहीं हो पाया। सिस्टम को पूरी तरह से फिट कर दिया गया है लेकिन उसे चलाने के लिए ऑपरेटर नहीं है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपन ठाकुर ने बताया कि डलहौजी अस्पताल में सेंटर हीटिंग सिस्टम को चलाने के लिए ऑपरेटर की मांग को लेकर सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।