ऐतिहासिक मिंधल यात्रा को लेकर प्रशासन ने पूरी कीं तैयारियां
जम्मू के कई जिलों से माता के दर शीश नवाने पहुंचते हैं श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। एक जून से प्रशासनिक तौर पर शुरू होने वाली ऐतिहासिक मिंधल यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की हैं।
यात्रा पर विशेष रूप से पड़ोसी राज्य जम्मू के विभिन्न जिलों से माता के दर पर शीश नवाजने के लिए श्रद्धालु छड़ी लेकर पहुंचते हैं। शनिवार को लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने टीम के साथ मिंधल सड़क का निरीक्षण किया। पार्किंग व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए आझल नाले क्षेत्र में ग्लेशियर के ऊपर सुरक्षित फुटपाथ निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया गया। एक जून से शुरू होने वाली ऐतिहासिक यात्रा को सफल बनाने के लिए विभाग ने विशेष प्रबंध किए हैं। मिंधल बस स्टैंड से माता मिंधल भगवती मंदिर तक खड़ी चढ़ाई वाले मार्ग पर विभागीय कर्मचारियों और मजदूरों की तैनाती की गई है। यात्रा के दौरान मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उधर, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता भाग सिंह ने बताया कि पार्किंग, पैदल मार्ग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रा के दौरान विभागीय टीम पूरी तरह सक्रिय रहेगी।