चंबा के पंजपुला के जंगल में लगी आग से धू-धू जलता जंगल।संवाद
- फोटो : चंबा के पंजपुला के जंगल में लगी आग से धू-धू जलता जंगल।संवाद
बनीखेत(चंबा)। ढुंढिारा बंगला के साथ लगती पहाड़ी मंगलवार रातभर धधकती रही। शरारती तत्वों ने पहाड़ी के जंगल में आग लगाकर लाखों की बेशकीमती प्राकृतिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। हैरानी की बात है कि अब तक शरारती तत्वों पर अंकुश लगाने वालों पर वन विभाग और न ही प्रशासन कोई कार्रवाई कर पाया है। क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने प्रशासन से मांग की है कि यथासंभव प्रयास कर जंगलों को आग के हवाले करने वाले शरारती तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि ढुंढियारा बंगला के साथ लगती पहाड़ी मंगलवार को धूधू कर जलती रही। इसमें जंगल के असंख्य जीव-जंतुओं समेत जंगली जड़ी-बूटियां भी जलकर राख हो गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण करते हुए जंगल को पूरी तरह से घेर लिया। जंगल में आग लगाने वालों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को समय-समय पर जागरूक करने समेत अन्य जागरुकता शिविर भी आयोजित करवाए जाते हैं। बावजूद इसके अभी तक शरारती तत्वों पर नकेल कसती नहीं दिख रही है। राकेश कुमार, अशोक कुमार, प्रमोद कुमार, राजीव कुमार आदि ने बताया कि जंगलों में आग लगाने वालों को कदापि बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उपमंडल डलहौजी वन विभाग के डीएफओ रजनीश महाजन ने बताया कि बीती शाम किसी अनजान व्यक्ति ने जंगल में आग लगाई है। इसको लेकर वन विभाग के कर्मचारियों को मौके पर भेज गया। वहीं, बुधवार सुबह आग पर काबू पाया गया। जंगल में काफी ज्यादा एरिया में आग लगी थी। विभाग ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया है।