चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत के मामले की जांच रिपोर्ट को प्रबंधन ने सरकार को भेज दिया है। अब इस रिपोर्ट के आधार पर अगला फैसला सरकार लेगी। हालांकि, प्रबंधन ने इस बात का भी खुलासा नहीं किया है कि बच्ची की मौत में डॉक्टर की लापरवाही रही है या नहीं। छह सितंबर को जब यह घटना हुई थी तो प्रबंधन ने चार सदस्यीय जांच टीम गठित करके तीन दिन में रिपोर्ट देने के आदेश जारी किए गए थे। इसमें उन्होंने यह भी कहा था कि रिपोर्ट के आधार पर प्रबंधन इसमें कार्रवाई करेगा लेकिन, अब प्रबंधन इस मामले में कार्रवाई करने से आनाकानी कर रहा है। अपना बचाव करने के लिए प्रबंधन ने रिपोर्ट स्वास्थ्य सचिव को भेज दी है। अब जो भी कार्रवाई होगी, उसे सरकार तय करेगी। जाे जांच तीन दिन में पूरी होनी थी, उसमें आठ दिन का समय लग गया। अब कार्रवाई में देरी की जा रही है।
इस मामले की जांच पर पूरे जिले के लोगों की निगाहें टिकी हुई थीं क्योंकि, जब बच्ची की मौत की खबर सामने आई तो उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई।
छह सितंबर को चुराह का दंपती अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचे। बच्ची की हालत को देखते हुए ऑन कॉलेज बाल रोग विशेषज्ञ को बुलाया गया लेकिन, विशेषज्ञ पर देरी से आने के आरोप लगे। इसकी वजह से बच्ची की मौत होने के आरोप लगाए गए। इन सभी आरोपों की सत्यता का पता लगाने के लिए प्रबंधन ने जांच बैठाई थी।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। रिपोर्ट स्वास्थ्य सचिव को भेज दी गई है। वहां से इस मामले में आगामी फैसला लिया जाएगा।