चंबा। बैली पंचायत के साथ लगते जंगल में भड़की आग रविवार को करियां पंचायत के साथ लगते जंगल में पहुंच गई। इससे लाखों रुपये की वन संपदा जलती हुई नजर आई। वन विभाग के कर्मचारी आग को बुझाने में सुबह से शाम तक डटे रहे, लेकिन आग इतनी भंयकर लगी है कि वे उसे देररात तक बुझा नहीं पाए। हालांकि, आग को रिहायशी बस्ती तक पहुंचने से उन्होंने रोक लिया।
स्थानीय निवासी संजय शर्मा, गुड्डू, मनोज कुमार, अजय कुमार, सतीश कुमार और सुनील ने बताया कि जंगल में इस प्रकार से आग भड़काने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस आग में वन संपदा के साथ कई जीव जंतुओं का भी दहन हुआ है। उधर, वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार ने बताया कि आग लगाने वालों का पता करने के लिए उनकी टीमें लोगों से पूछताछ कर रही हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि आग लगाने वालों की जानकारी विभाग को दें, ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।