विद्युत उपमंडल चंबा ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के दिए आदेश
अस्थायी तौर पर कनेक्शन काटेगी बोर्ड की टीमें, 23 लाख की है पेंडेंसी : अजय
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। विद्युत उपमंडल चंबा द्वितीय के तहत 339 उपभोक्ताओं को बोर्ड ने 15 दिन में बिजली बिल जमा करवाने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड ने साफ किया है कि अगर इस अवधि के भीतर उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं करवाते है तो उनके कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। इस बारे में एक सूची तैयार की जाएगी। इसमें डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को शामिल किया जाएगा। इसके बाद कनिष्ठ अभियंताओं को अस्थायी तौर पर कनेक्शन काटने के आदेश दिए जाएंगे।
बोर्ड प्रबंधन समय पर बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। बोर्ड प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि बिजली की खपत करने के बाद भी कई उपभोक्ता समय पर बिलों की अदायगी नहीं कर रहे हैं। इससे पेंडेंसी बढ़ती जा रही है। ऐसे डिफाल्टरों को अब बख्शा नहीं जाएगा। उपमंडल के तहत आते चनेड़, खज्जियार, सरोल, मरेड़ी और साहो के करीब 339 उपभोक्ता हैं जिन्होंने पिछले दो से तीन दिन से बिजली बिल जमा नहीं करवाया है। बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं से करीब 23 लाख रुपये की राशि बिजली बिल के रूप में वसूलनी है। ऐसे में अब बोर्ड प्रबंधन ने उपभोक्ताओं को 15 दिनों का समय बिजली बिल जमा करवाने के लिए दिया है।
उधर, बिजली बोर्ड चंबा द्वितीय के सहायक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि 15 दिन का समय बिल जमा करवाने के लिए दिया है। इसके बाद उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटने के आदेश जारी कर दिए जाएंगे।