स्मार्ट मीटर लगने के बाद बदली बिलिंग व्यवस्था, अब पहली तारीख से ही कर सकेंगे भुगतान
पहले दूसरे सप्ताह में जारी होते थे बिल, उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए मिलेगा पूरा महीना
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल जारी करने की व्यवस्था बदल गई है। अब उपभोक्ताओं को हर महीने की पहली तारीख को ही बिल उपलब्ध होगा।
साथ ही बिल जमा करवाने की प्रक्रिया भी पहली तारीख से शुरू हो सकेगी। नई व्यवस्था से उपभोक्ताओं को बिल मिलने और भुगतान के लिए पहले की तरह दूसरे और तीसरे सप्ताह का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
इससे पहले बिजली बोर्ड की ओर से हर महीने दूसरे सप्ताह में बिल जारी किए जाते थे। इसके बाद उपभोक्ताओं को तीसरे सप्ताह तक भुगतान करना होता था। कई बार बिल देरी से मिलने पर भुगतान के लिए कम समय बचता था, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी होती थी। अब स्मार्ट मीटर प्रणाली के तहत बिलिंग की निर्धारित तारीख तय होने से उपभोक्ता समय रहते भुगतान की योजना बना सकेंगे।
बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता राजीव ठाकुर ने बताया कि स्मार्ट मीटर प्रणाली लागू होने के बाद हर महीने की पहली तारीख को बिजली बिल जारी किए जा रहे हैं। उपभोक्ता भी इसी दिन से बिल जमा करवा सकते हैं। इससे बिलिंग और भुगतान की प्रक्रिया पहले से अधिक सुविधाजनक होगी।