दाड़वी पंचायत के नाली गांव में बीते वर्ष आई आपदा से जमीन को पहुंचे नुकसान के बाद खुद की डंगा लग
मैहला (चंबा)। जिले की दाड़वीं पंचायत के नाली गांव में अगस्त 2025 की प्राकृतिक आपदा का असर अब भी साफ दिखाई दे रहा है। भारी नुकसान झेल चुके ग्रामीण परिवार आज भी सरकारी राहत और मुआवजे की आस में बैठे हैं। किसानों का कहना है कि कई बार प्रशासनिक स्तर पर मौके करवाए गए और नुकसान की रिपोर्ट भी तैयार कर भेजी गई, इसके बावजूद प्रभावित परिवारों तक कोई सहायता नहीं पहुंच पाई। कानूनगो अजय शर्मा ने मौके पर निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की थी और उसे उच्च स्तरीय अधिकारियों के पास भेजा गया था लेकिन उसके बाद भी न तो मुआवजा मिला और न ही जमीन बचाने के लिए कोई स्थायी कार्य शुरू हो पाया।
नाली गांव के अर्जुन और धारो जो दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करते हैं, वे अब मजबूरी में अपनी जमीन की सुरक्षा के लिए खुद ही कच्ची दीवार लगा रहे हैं। जहां एक ओर इनकी रोजी-रोटी मजदूरी पर निर्भर है, वहीं दूसरी ओर जमीन कटाव का खतरा उन्हें काम छोड़कर बचाव कार्य में लगाने को मजबूर कर रहा है। अर्जुन और धारो ने बताया कि बहुत इंतजार किया लेकिन कोई मदद नहीं मिली। अब खुद ही जमीन बचाने में लगे हैं। दिहाड़ी लगाकर घर चलाते हैं, लेकिन अब जमीन टूट रही है तो उसे बचाना भी जरूरी है। गरीब परिवारों को सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने प्रशासन और कृषि विभाग से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा दिया जाए और जमीन कटाव रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा दीवारों का निर्माण करवाया जाए। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कई परिवारों की जमीन पूरी तरह बह जाने का खतरा है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने कहा कि समस्या का समाधान करवाने के लिए प्रशासन को अवगत करवाया जाएगा।