चुराह के एसडीएम ने स्कूल का निरीक्षण करने के बाद जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक विद्यालय चीह के जर्जर भवन की दशा सुधरेगी। इस समस्या के समाधान के लिए उप मंडलाधिकारी चुराह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पूरी जानकारी हासिल करने के बाद स्कूल प्रबंधन समिति और अभिभावकों को दस दिन में जर्जर भवन की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने के विकास खंड अधिकारी को निर्देश दिए। एसडीएम के आदेश जारी होने पर अभिभावकों ने राहत की सांस ली।
चीह विद्यालय के जर्जर भवन को लेकर समय-समय अभिभावक वर्ग मांग उठाते रहे हैं। विद्यालय का अपना भवन न होने पर बच्चे खुले आसमान के नीचे शिक्षा हासिल करने को विवश रहे। स्कूल भवन की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीण बार-बार प्रशासन के समक्ष गुहार लगाते आ रहे हैं। इसी क्रम में अब बच्चों को बड़ी राहत देने का काम एसडीएम चुराह ने दिया है। अभिभावकों में अमित कुमार, नरेश कुमार, कपिल कुमार, बचन सिंह, प्रकाश चंद ने बताया कि जर्जर भवन का एसडीएम ने निरीक्षण करने के बाद छात्र हित में निर्णय लिया है। एसडीएम के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और सहयोग का भरोसा दिया। लोगों ने एसडीएम चुराह का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि इस बार केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम भी दिखाई देगा।
उपमंडलाधिकारी चुराह राजेश जरियाल ने बताया कि मामला ध्यान में आने के बाद वे स्वयं विद्यालय पहुंचे। विद्यालय की जर्जर दशा देख बीडीओ को दस दिनों के भीतर स्कूल भवन की मरम्मत के आदेश जारी किए गए हैं।