लंबे इंतजार के सूचना मिलते ही खाली सिलिंडर लेकर पहुंच गए लोग
सिलिंडर खत्म होने के कारण लकड़ी जलाकर बनाना पड़ रहा था खाना
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल में डेढ़ माह बाद घरेलू गैस की गाड़ी पहुंचने पर लोग खाली सिलिंडर लेकर वहां पहुंच गए। कई लोगों ने अपने घरों से खाली सिलिंडर एक सप्ताह पहले ही खज्जियार पहुंचा दिए थे।
दुकानों में इन सिलिंडरों को रखा गया था ताकि गाड़ी आने पर तुरंत इन्हें भरवा सकें। लोगों में सुरेश कुमार, मान सिंह, सूरज, देसराज, सोनू, मनीष कुमार, योगराज, योगेश और केवल केवल ने बताया कि डेढ़ महीने से लोग घरेलू सिलिंडर की गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। कई लोगों के घरों में घरेलू गैस खत्म हो चुकी थी। इस कारण उन्हें घर पर खाना बनाने के लिए लकड़ी जलाकर जुगाड़ करना पड़ रहा था। बार-बार गैस एजेंसी के मालिक और प्रशासन से यही मांग कर रहे थे कि जल्द सिलिंडर की गाड़ी भेजी जाए। ऐसे में सोमवार को जैसे ही गाड़ी पहुंची तो लोगों की भीड़ सिलिंडर लेने के लिए वहां पहुंच गई। दूरदराज गांवों के लोग सुबह ही खाली सिलिंडर लेकर पहुंच गए थे। ऐसे में जैसे ही दोपहर के समय गाड़ी पहुंची तो उन्होंने राहत की सांस ली। अब उन्हें खाना बनाने के लिए चूल्हे में लकड़ी नहीं जलानी पड़ेगी, बल्कि गैस के चूल्हे पर आसानी से बिना धुएं का सामना किए खाना बना सकेंगे।