चंबा के भरमौर के पास खस्ताहाल एनएच।संवाद
भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग की हालत दिन-प्रतिदिन खस्ता होती जा रही है। विशेषकर बग्गा से भरमौर के बीच जगह-जगह पर पड़े गड्ढे हादसे को न्योता दे रहे हैं। वाहन चालकों को भरमौर-चंबा मार्ग पर हिचकौले खाने पड़ रहे है।
प्रबुद्धजनों का कहना है कि जनजातीय क्षेत्र भरमौर की 31 पंचायतें एवं मैहला खंड के तहत आने वाले सैकड़ों लोगों का इसी रास्ते से जिला मुख्यालय आना-जाना रहता है। ऐसे में भरमौर विस क्षेत्र के लोग लंबे समय से उक्त मार्ग को चौड़ा करने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन समस्या अभी तक बरकरार है। टेक चंद्र ठाकुर, जैसी राम ठाकुर, भक्त राम ,नरायणा दास, प्रीतम चंद्र, पवन कुमार, राजेश और हरिशरण का कहना है कि बारिश के दोनों अक्सर गड्ढे पानी से लबालब भरे रहते है। जहां पर यह पता लगाना काफी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लोगों समेत वाहन चालकों के लिए सफर करना परेशानी का सबब बना है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग की हालत को सुधारा जाए। ताकि लोगों का सफर सुगम बना रहे।