एक साल भी पूरा नहीं हुआ चंबा में घर बैठे परिवार नकल देने के लिए सर्वे
नगर परिषद की ढिलाई से लोग दफ्तरों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर
लोक मित्र केंद्र को सौंपा था सर्वे का कार्य, नप का दावा- नहीं पहुंची रिपोर्ट
रिंपी ठाकुर
चंबा। नगर परिषद चंबा के तहत लोगों को घर बैठे परिवार रजिस्टर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शुरू की गई योजना एक साल बाद भी कागजों से बाहर नहीं निकल पाई है।
नगर परिषद की ओर से बड़े-बड़े दावों के साथ शुरू की गई इस पहल का सर्वे अभी तक पूरा नहीं हो सका है। इससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस योजना के तहत उन्हें घर बैठे परिवार रजिस्टर की कॉपी मिलने की सुविधा देने का वादा किया गया था लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके उलट हैं। छोटे-छोटे काम के लिए भी लोगों को बार-बार नगर परिषद कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
बता दें कि योजना के तहत परिवारों का सर्वे कर डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाना था लेकिन नगर परिषद की सुस्ती और लापरवाही के कारण यह प्रक्रिया अधर में लटकी है। कई वार्डों में सर्वे कार्य शुरू ही नहीं हो पाया, जबकि कुछ जगहों पर अधूरा छोड़ दिया गया है। परिवार रजिस्टर बनने के बाद लोगों को परिवार नकल के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ते। साथ ही पार्षद की रिपोर्ट की जरूरत नहीं रहनी लेकिन नगर परिषद ने भी अभी तक सर्वे कहां पहुंचे है इसकी जानकारी एकत्रित नहीं की है। उधर, नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने कहा कि परिवार रजिस्टर बनाने की योजना है। लोक मित्र केंद्र को सर्वे का कार्य दिया है। उनसे सर्वे का फीडबैड लिया जाएगा। सर्वे में देरी का भी कारण पूछा जाएगा। संवाद