दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक लगीं वाहनों की कतारें, राहगीरों और चालकों को झेलनी पड़ी परेशानी
स्थानीय लोगों ने वीआईपी दौरों के दौरान पहले से यातायात प्रबंधन करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
तीसा (चंबा)। मुख्यमंत्री के चुराह दौरे के दौरान बुधवार दोपहर भंजराड़ू चौक पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। भंजराड़ू-चनवास-शहवा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही थमने से सड़क के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक लंबी कतारें लग गईं। इससे अपने गंतव्य की ओर जा रहे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
मुख्यमंत्री के काफिले और दौरे से जुड़ी गाड़ियों की आवाजाही के चलते चौक पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते जाम लग गया और कई वाहन चालक करीब एक घंटे तक फंसे रहे। स्थानीय लोगों हेमराज, नरेश कुमार, योगराज और संजीव कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके चलते आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में वीआईपी दौरों के दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए पहले से उचित व्यवस्था और वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था। बाद में वाहनों की आवाजाही सुचारू करवा दी गई।