चंबा बचत भवन में जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक के दौरान मौजूद विभिन्न विभागो के अ
चुवाड़ी मुख्यालय से जिला मुख्यालय से जुड़ेंगे सुरंग के आपसी छोर
सुरंग को लेकर जल्द केंद्रीय नेतृत्व से होगी मुलाकात : पठानिया
पहले मंगला और कुट से इस सुरंग को बनाने की बन रही थी योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सात किलोमीटर के बजाय अब 15 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाकर चुवाड़ी-चंबा की दूरी खत्म की जाएगी। इसके लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट में भी हरी झंडी मिल गई है।
पहले यह सुरंग मंगला और कुट में निकालने की योजना थी। इससे चुवाड़ी और चंबा की दूरी सुरंग से पांच से दस किलोमीटर दोनों तरफ से रहनी थी। इसी दूरी को खत्म करने के लिए अब सुरंग चुवाड़ी मुख्यालय से सीधे चंबा के सुल्तानपुर में निकालने की योजना बनाई गई है। एक मुख्यालय से सुरंग शुरू होगी और दूसरे मुख्यालय में जाकर निकलेगी। इससे दस मिनट में लोग चंबा से चुवाड़ी पहुंच जाएंगे। इससे प्रदेश के अन्य जिलों की दूरी भी कम होगी। यह सुरंग जिले में पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ाएगी।
प्रदेश सरकार ने सुरंग का निर्माण करने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेज दिया है। जल्द ही इसके लिए केंद्र से मंजूरी मिलने की उम्मीद है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में बताया कि लंबे समय से जिलावासी इस सुरंग को बनाने की मांग कर रहे थे। इसके लिए सरकार ने फिजिबिलिटी जांचने के लिए करोड़ों रुपये का बजट स्वीकृत किया। कंपनी ने अपनी रिपोर्ट में साफ कहा है कि यहां सुरंग बनाने की पूरी संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि सुरंग बनाने के लिए कई निजी कंपनियां पैसा लगाने के लिए तैयार हैं।
चंबा से बनीखेत को 55 किमी सफर होगा कम
चुवाड़ी-चंबा सुरंग जब बनेगी तो जिले के सभी उपमंडलों के लोगों को इसका लाभ होगा। पठानकोट जाने के लिए लोगों को चंबा से बनीखेत का 55 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर नहीं करना होगा। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही इस सुरंग के निर्माण को लेकर दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेंगे।