पठानकोट-लंगेरा मार्ग पर सरकारी बस शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। बस (एचपी 38डी- 6286) पठानकोट से सवारियों को लंगेरा छोड़ने के बाद बस शाम के समय करीब छह बजे सलूणी गैस एजेंसी के पास बर्फ में फिसल गई।
इससे बस का पिछला हिस्सा सड़क से नीचे खाई में लटक गया। बस खाई में नहीं गिरी अन्यथा जान माल को नुकसान हो सकता था। इस दौरान बस में चालक, परिचालक के अलावा कोई भी सवारी मौजूद नहीं थी। बस के हवा में लटकने के बाद चालक-परिचालक बस से नीचे उतर गए।
उन्होंने इसकी सूचना एचआरटीसी प्रबंधन को दी। जिला के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक अनूप राणा ने बताया कि बस को दुर्घटनास्थल से निकाल लिया गया है।