आपातकालीन कक्ष की मशीन खराब, मरीज जांच के लिए कर रहे घंटों तक इंतजार
समय बचाने के लिए निजी केंद्रों का रुख, एक्सरे पर 400 से 500 रुपये तक अतिरिक्त खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मेडिकल कॉलेज में आपातकालीन कक्ष की एक्सरे मशीन खराब होने से मरीजों की जांच व्यवस्था प्रभावित हो गई है। अब आपातकालीन कक्ष समेत ओपीडी, वार्ड और अन्य विभागों के मरीजों के एक्सरे ओपीडी ब्लॉक में उपलब्ध एक ही मशीन से किए जा रहे हैं। इससे मरीजों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों को भी इसी मशीन पर निर्भर रहना पड़ रहा है। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि चिकित्सक कई बार तत्काल एक्सरे करवाने की सलाह देते हैं, लेकिन एक ही मशीन पर अधिक दबाव होने के कारण जांच में देरी हो रही है। इसका असर उपचार प्रक्रिया पर भी पड़ रहा है।
अस्पताल में लंबा इंतजार देख कुछ मरीज समय बचाने के लिए निजी जांच केंद्रों का रुख कर रहे हैं। वहां एक्सरे करवाने के लिए करीब 400 से 500 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए यह अतिरिक्त खर्च परेशानी बढ़ा रहा है।
अस्पताल परिसर में एक्सरे करवाने वाले मरीजों की भीड़ के कारण उन्हें बैठने और अपनी बारी का इंतजार करने में भी दिक्कत हो रही है। मरीजों ने आपातकालीन कक्ष की मशीन जल्द ठीक करवाने की मांग की है।
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप सिंह ने बताया कि मामला ध्यान में है। एक्सरे मशीन खराब होने से समस्या आई है। मेकेनिक को सूचना दे दी गई है और जल्द व्यवस्था ठीक कर दी जाएगी।