लिल्ह कोठी कॉलेज के निर्माण पर अभी तक खर्च हो चुके हैं 12 करोड़ रुपये
डेढ़ करोड़ और मांगे, पीएम के शिलान्यास को पूरा नहीं करवा पाई सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
धरवाला (चंबा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिलान्यास के कार्य को सरकार सात साल में पूरा नहीं करवा पाई है। वर्ष 2019 में उन्होंने ऑनलाइन लिल्ह कॉलेज के नए भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था।
यह भवन दो साल में बनना था, उसे पूरा करने में सात साल हो चुके हैं लेकिन निर्माण कार्य अभी भी अधूरा है। बिजली की वायरिंग होना अभी बाकी है। निर्माण कार्य पर अब तक 12 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च हो चुकी है। ऐसे में बचे हुए कार्य को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सरकार से डेढ़ करोड़ की अतिरिक्त मांग की है। यह राशि मिलने पर कार्य पूर्ण हो सकता है। यदि यह धनराशि नहीं मिली तो नया भवन शुरू होने से पहले ही खंडहर भी बन सकता है।
स्थानीय निवासी सूरज कुमार, प्यार सिंह, रवि कुमार, चैन लाल, देसराज, रविंद्र कुमार, चैन लाल, सोभिया राम और नरेंद्र ने बताया कि इस कॉलेज में दो दर्जन से अधिक पंचायतों के बच्चे पढ़ाई करने के लिए निर्भर हैं। खुद का भवन नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने सरकार व विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करवाया जाए।
उधर, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता राकेश मरोल ने बताया कि बचे हुए कार्य को पूरा करवाने के लिए बजट की मांग की गई है। जैसे ही बजट मिलेगा, कार्य पूरा कर भवन कॉलेज प्रबंधन के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
सात साल में एक कॉलेज का भवन नहीं बन पाया है। यह सरकार और विभाग की सक्रियता की सवालिया निशान खड़ा करता है। - पवन ठाकुर
छात्रों को रोजाना खुद का भवन न होने से परेशानी झेलनी पड़ती है लेकिन नया भवन कब पूरा होगा, इसका अभी तक किसी को पता नहीं है। - विपन सरस्वती
जहां पर बच्चे अपना भविष्य बनाने के लिए शिक्षा ग्रहण करेंगे, ऐसे भवन के निर्माण में इतनी देरी नहीं होनी चाहिए। नरेंद्र कपूर स्थानीय निवासी।
- प्रशासन व विभाग से बार-बार मांग करने के बावजूद कॉलेज भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। यह चिंता का विषय है। - विनोद ठाकुर