71 किमी में से 17 किमी सड़क बनी, दुर्गम पहाड़ और बजट की कमी से काम अटका
सुराही नाले पर पुल बनने के बाद बढ़ेगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
होली (चंबा)। भरमौर और बैजनाथ के बीच 350 किलोमीटर की दूरी को करीब 65 किलोमीटर तक समेटने वाली होली-उतराला सड़क का निर्माण अब भी अधूरा है।
71 किलोमीटर लंबे मार्ग में 17 किलोमीटर सड़क बन चुकी है, जबकि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, पुल निर्माण और बजट की कमी से शेष काम चुनौती बना हुआ है। सड़क बनने से चंबा और कांगड़ा के बीच आवाजाही आसान होगी और जनजातीय क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
परियोजना में होली से सुराही पास तक 39 किलोमीटर हिस्सा लोक निर्माण विभाग के भरमौर मंडल और उतराला से सुराही पास तक 32 किलोमीटर हिस्सा बैजनाथ मंडल के अधीन है। होली से लाके वाली माता मंदिर तक सड़क बन चुकी है।
सुराही नाले पर प्रस्तावित 40 मीटर स्पैन का स्टील ट्रस पुल बनने के बाद आगे का काम बढ़ सकेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता थान सिंह ने यह जानकारी दी। वहीं, उतराला से बकलूड तक 13 किलोमीटर सड़क के पहले चरण के लिए नाबार्ड के तहत 14.22 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। शेष कार्य के लिए धनराशि और जरूरी स्वीकृतियां जुटानी होंगी।
मरीजों और किसानों को मिलेगी राहत
सड़क बनने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, विद्यार्थियों की आवाजाही और किसानों-पशुपालकों को उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। जालसू जोत और आसपास के प्राकृतिक स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित होली दौरे में परियोजना को लेकर किसी घोषणा की उम्मीद से लोगों की निगाहें टिकी हैं।