जुलाई महीने के आखिरी सप्ताह में होने वाले मिंजर मेले को लेकर जिला आबकारी एवं कराधान विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले के दौरान बाहरी राज्यों से सामान लेकर पहुंचने वाले व्यापारियों पर नजर रखने के लिए जोत मार्ग पर विशेष चेक पोस्ट स्थापित की जा रही है। मिंजर मेले के दौरान करोड़ों रुपयों का व्यवसाय होता है। मेले में पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और यूपी तक के व्यवसायी अपने माल की बिक्री के लिए मौजूदगी दर्ज करवाते हैं। इसका फायदा उठाकर कुछेक मुनाफाखोर चोरी छिपे बिना बिल का सामान भी इधर से उधर करते हैं, ताकि अधिक मुनाफा कमाया जा सके। लिहाजा विभाग ने टेक्स चोरी रोकने के लिए उड़न दस्ते गठित कर दिए हैं। इसके अलावा चंबा चुवाड़ी बाया जोत मार्ग पर भी अस्थायी पोस्ट स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा चंबा-पठानकोट मार्ग पर तुनुहट्टी चेक पोस्ट में तैनात कर्मचारियों को एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा मिंजर मेला परिसर में भी विभाग की टीम औचक निरीक्षण के जरिये धर पकड़ अभियान जारी रखेगी। गौरतलब है कि मेले के दौरान चंबा के चार चौगानों में विभिन्न उत्पादों की ब्रिकी के लिए सैकड़ों दुकानें सजती हैं। दुकानों में रखा कौन सा सामान वैध है या कौन सा अवैध इस पर कड़ी नजर रखने के लिए विभाग के चंबा तक आने वाले चुवाड़ी जोत और बनीखेत पठानकोट मार्ग पर आबकारी एवं कराधान विभाग के उड़नदस्ते सक्रिय रहेंगे।
इनसेट
पंजीकरण के बाद ही शुरू करें कारोबार
जिला आबकारी एवं कराधान आयुक्त नविंद्र सिंह ने बताया कि व्यवसायी विभाग से पंजीकरण करवाने के बाद की दुकान खोलें तो बेहतर होगा। नियमों को ताक पर रखने वाले व्यवसायियों पर विभाग नियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।