मापतोल विभाग की टीम ने वीरवार को चंबा शहर में दबिश दी और दुकानदारों को निर्धारित मूल्य से अधिक दाम न वसूलने की हिदायत दी। इस मौके पर विभाग की टीम ने खासतौर पर शीतल पेय, दूध और शराब की दुकानों पर छापा मारा। विभाग ने यह अभियान लोगों की लगातार शिकायतें के बाद छेड़ा है। मापतोल विभाग के सहायक नियंत्रक विजेंद्र सिंह नरियाल ने बताया कि निर्धारित मूल्य से अधिक कोई भी दुकानदार कीमत नहीं ले सकता है। उन्होंने बताया कि शीतल पेय पर जितने पैसे लिखे हों, ग्राहकों को उतना ही बिल देना होगा। यदि उससे अधिक कीमत वसूली जाती है तो वे तत्काल दुकानदार के खिलाफ विभाग के कार्यालय में शिकायत दर्ज करवा सकता है। उन्होंने बताया कि शराब की बोतल पर भी निर्धारित मूल्य लिखा हुआ होता है और विक्रेता उससे अधिक दाम नहीं वसूल सकता है। उन्होंने बताया कि यह अभियान वीरवार को चंबा शहर से शुरू किया गया है। इसे जिला भर में चलाया जाएगा। विभाग की टीम सभी जगह औचक निरीक्षण करेगी और कोई भी दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूलता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर में फिलहाल सभी दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि मूल्य से अधिक कीमत वसूल न करें।