मिंजर मेले के बाद चंबा चौगान में लगे स्टॉल पर खरीदारी करने के लिए उमड़ी लोगो की भीड़।संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। मिंजर मेले को लेकर ऐतिहासिक चौगान नंबर एक में लगी मार्केट बुधवार को शाम पांच बजे तक ही सजेगी। एसडीएम अरुण शर्मा ने इस संदर्भ में व्यापारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। शाम पांच बजे के बाद प्रशासन मार्केट को पूरी तरह से खाली करवा देगा और चौगान नंबर एक में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करवाया जाएगा। इस कार्य का जिम्मा भी ठेकेदार के हवाले रहेगा।
वर्तमान में चौगान नंबर एक में कला केंद्र के समीप और चौगान के बीच मिंजर मेले के दौरान डोम स्थापित किए गए हैं जहां व्यापारिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। मेले में सजे बाजार में काफी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। मंगलवार को छुट्टी का दिन होने के कारण चौगान में काफी भीड़ रही। लोगों ने कपड़े और अन्य घरेलू सामान की जमकर खरीदारी की। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण गत दो वर्ष मिंजर मेले का आयोजन नहीं हो सका। महज रस्म अदायगी तक ही मेला सीमित रहा लेकिन इस बार प्रशासन ने मेले का सफल आयोजन करवाया है और लोगों ने जमकर खरीदारी की है।