राधाष्टमी को मणिमहेश का चढ़ावा जुटाने के लिए भरमौर प्रशासन ने टीम का गठन कर लिया है। तहसीलदार भरमौर की निगरानी में गठित यह टीम आठ सितंबर को डल झील में डेरा डाल देगी।
राधाष्टमी स्नान नौ सितंबर को सुबह शुरू होगा और प्रशासन चौबीस घंटे का चढ़ावा दानपात्र में एकत्र करेगा। इसके बाद चढ़ावे से एकत्र धनराशि की गिनती डल झील पर ही होगी। गिनती के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच चढ़ावे को भरमौर मुख्यालय लाया जाएगा। यहां उसे सभी पांच हिस्सेदारों में बांटा जाएगा।
गौरतलब है कि मणिमहेश में राधाष्टमी के चढ़ावे के पांच हिस्सेदार हैं। इनमें मणिमहेश ट्रस्ट 50 प्रतिशत का हिस्सेदार है जबकि बाकी हिस्सा हड़सर के पुजारी, संचूई के शिव चेले, दशनाम अखाड़ा व चरपट नाथ में बांटा जाएगा। एसडीएम भरमौर डॉ. जितेंद्र कंवर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चंबा को भी एक पत्र लिखा है जिसमें अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि राधाष्टमी के चढ़ावे की पूरी निगरानी की जाएगी ताकि इसमें किसी तरह का हेरफेर न हो सके। चढ़ावे की गिनती होने के बाद ही इसे नीचे लाने की व्यवस्था होगी। जिसके लिए प्रशासन ने अलग-अलग टीमों का गठन कर लिया है।