तीसा (चंबा)। तीसा-सनवाल सड़क गड्ढों में तबदील हो गई है। मार्ग से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों सहित राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चालकों ने कहा कि सड़क खस्ताहाल होने से दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरने से घायल तक हो चुके हैं। वाहन चालकों का कहना है कि कई बार लोक निर्माण विभाग से सड़क पर तारकोल बिछाने की मांग की गई, लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं हो पाई है। वाहन चालकों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मांग की है कि प्राथमिकता के आधार पर तीसा-सनवाल मार्ग पर तारकोल बिछा कर लोगों को राहत दिलाई जाए।
अमित कुमार, नरेश कुमार, किरपा राम, राकेश कुमार, सुरेश कुमार, प्रमोद कुमार, अजय कुमार और अनिल कुमार ने बताया कि चार वर्ष पूर्व तीसा से सनवाल तक 27 किलोमीटर मार्ग पर तारकोल डाली गई। इतने अल्प समय में सड़क से तारकोल उखड़ना उसकी गुणवत्ता पर भी सवाल पैदा करता है। तारकोल डालते वक्त गुणवत्ता पर ध्यान दिया होता तो सड़क से तारकोल नहीं उखड़ती। बताया कि इस सड़क से चुराह उपमंडल की ग्राम सनवाल, झज्जाकोठी, देहग्रा, शलेलाबाडी, थनेईकोठी, कुठेड़ बधौड़ा, हरतवास, सेईकोठी की अमूमन 28 हजार की आबादी आवाजाही करनी पड़ती है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि बरसात के बाद तीसा-सनवाल मार्ग पर तारकोल बिछाने का कार्य आरंभ करवाया जाएगा। बरसात में सड़क पर तारकोल नहीं डाली जा सकती है।