चुराह (चंबा)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खंड कल्हेल के शिक्षकों ने न्यू कॉम्प्लेक्स प्रणाली के विरोध में काले बिल्ले लगाकर प्रदर्शन किया।
शिक्षकों ने फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएलएन) प्रशिक्षण के दौरान इस नई व्यवस्था के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए प्रदेश सरकार से इसे वापस लेने की मांग उठाई।
शिक्षकों का कहना है कि न्यू कॉम्प्लेक्स प्रणाली लागू होने से प्राथमिक शिक्षा का मौजूदा प्रशासनिक ढांचा प्रभावित होगा। इससे केंद्र मुख्य शिक्षक (सीएचटी), मुख्य शिक्षक (एचटी) और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (बीईईओ) के प्रशासनिक अधिकार सीमित होने की आशंका है।
इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों के संचालन और कार्यप्रणाली पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। संघ के खंड अध्यक्ष लेखराज शर्मा ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों को वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के अधीन करना उचित नहीं है।
इससे प्राथमिक शिक्षा की प्रशासनिक स्वायत्तता प्रभावित होने के साथ ही प्राथमिक स्तर पर कार्यरत अधिकारियों के अधिकार भी सीमित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय इस तरह के बदलाव शिक्षकों और विद्यालयों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक प्रदेश सरकार न्यू कॉम्प्लेक्स प्रणाली को वापस नहीं लेती, तब तक शिक्षकों का विरोध जारी रहेगा।
संघ ने प्रदेश सरकार से इस व्यवस्था पर पुनर्विचार कर इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है, ताकि प्राथमिक शिक्षा के मौजूदा प्रशासनिक ढांचे और शिक्षकों के अधिकारों को सुरक्षित रखा जा सके।