चार दशक से उठ रही मांग, मिले मात्र आश्वासन
उपमंडल मुख्यालय सलूणी में चालकों को दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। उपमंडल मुख्यालय सलूणी में चार दशक बीत जाने के बाद भी टैक्सी चालक सड़क किनारे ही गाड़ियां पार्क कर रहे हैं। इसके चलते टैक्सी चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टैक्सी चालकों का कहना है कि इसके बारे में वे कई बार प्रशासन और सरकार से गुहार लगा चुके हैं लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। टैक्सी यूनियन के प्रधान राजेश कुमार, जगदीश कुमार, देस राज, कमलेश कुमार, विपिन सिंह, रविंद्र कुमार, मदन लाल, लेखराज, बिहारी लाल, चैन सिंह आदि का कहना है कि सलूणी में टैक्सी स्टैंड की लंबे समय से दरकार है लेकिन आज तक प्रशासन मात्र सर्वे करने तक ही सीमित रह पाया है। धरातल पर अभी तक कोई प्रयास शुरू नहीं हो पाए हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें अपनी गाड़ियां यहां-वहां खड़ी करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे उन्हें कई बार नुकसान भी उठाना पड़ता है। कई बार पर्यटक टैक्सी हायर करने के लिए पहुंचते हैं लेकिन स्टैंड न होने के कारण पर्यटकों को भी दिक्कत हो रही है। उन्होंने उपमंडलीय प्रशासन से मांग की है कि जल्द इसके बारे में उचित पहल की जाए।
सलूणी के एसडीएम अनिल भारद्वाज का कहना है कि यह मामला उनके ध्यान में है। इसके बारे में संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग और लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय विधायक डीएस ठाकुर ने बताया कि टैक्सी चालकों ने इसके बारे में उन्हें अवगत करवाया था। एनएचपीसी को बजट के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जैसे ही बजट की उपलब्धता होगी, टैक्सी स्टैंड का निर्माण कर दिया जाएगा।