अस्पताल के पास खड़ी टैक्सियां ।
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्रीय अस्पताल परिसर टैक्सी स्टैंड बनता जा रहा है। रोजाना दर्जनों टैक्सियां अस्पताल के बाहर खड़ी रहती हैं। जिसके कारण मरीजों को एक्स-रे और अन्य जांच करवाने के लिए लैब तक पहुंचने में काफी दिक्कतें पेश आ रही है।
पुलिस प्रशासन द्वारा अस्पताल के बाहर टैक्सी खड़ी करने वाले चालकों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं हो रही है। स्थानीय निवासी अजय कुमार, रमेश कुमार, देश राज, प्रकाश चंद, ओम प्रकाश, सुरेश कुमार और प्यार सिंह ने बताया कि चंबा अस्पताल के बाहर टैक्सियों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
पूरा दिन भर अस्पताल के बाहर खड़ी होने वाली टैक्सियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल के बाहर टैक्सियां खड़ी रहने से मरीजों के तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ती है। उधर, कार्यवाहक सीएमओ डॉ. राम कमल ने बताया कि अस्पताल के बाहर खड़ी की जा रही टैक्सियों की समस्या से प्रशासन को अवगत करवा दिया गया है। प्रशासन की कार्रवाई का उन्हें भी इंतजार है।