खजियार में पंजाब के एक टैक्सी चालक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश कुमार उम्र 35 वर्ष पुत्र दर्शन कुमार निवासी अवरोल नगर पठानकोट के रुप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश कुमार टैक्सी में सवारियों को लेकर खजियार घुमाने आया था जोकि रात के समय सवारियों के साथ होटल में ही रुका था।
इस दौरान रात को अचानक राजेश के सीने मे तेज दर्द हुआ जिसे ईलाज के लिये क्षेत्रीय अस्पताल में लाया गया। जहां पर मौजूद डॉक्टर ने उसका प्राथमिक उपचार किया जिससे कुछ देर के लिये उसकी हालत में सुधार हो गया, लेकिन थोड़ी देर बाद उसके सीने में दोबारा तेज दर्द शुरू हुआ जिससे उसकी अस्पताल में मौत गई।
उसके बाद अस्पताल प्रशासन ने राजेश के परिवार व टैक्सी के मालिक को दूरभाष से उसकी मौत की सूचना दी। साथ ही पुलिस को भी इसके बारे में अवगत करवा दिया गया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने मौके पर आकर मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी राजेश को हार्ट अटैक आ चुका था। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि रविवार को क्षेत्रीय अस्पताल में टैक्सी चालक के शव का पोस्ट मार्टम करवाया गया।