चंबा। ग्राम पंचायत जटकरी के भड़ियाकोठी से चरोड़ी गांव के लिए बुधवार को सड़क का सर्वेक्षण कर चूने के निशान लगाए। जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी की अगुवाई में लोक निर्माण विभाग के सर्वेयर, लेबर और काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण इस दौरान मौजूद रहे। आजादी के बाद गांव के लिए सड़क निर्माण को लेकर होने वाले सर्वे ने लोगों में नई आस बांध दी है। विभाग की ओर से सड़क का सर्वे करने के बाद पीपीआर प्राइमरी प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उसे स्वीकृति मिलने के बाद सड़क को लेकर डीपीआर बनेगी, जिसे मंजूरी मिलने के बाद सड़क की सुविधा ग्रामीणों को मिलेगी।
गौरतलब है कि जिला मुख्यालय के साथ सटी भड़ियाकोठी पंचायत के कई गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। सड़क के अभाव में कई बीमार अस्पताल का मुंह देखने से पहले ही दम तोड़ देते हैं। इतना ही नहीं, क्षेत्र में किसी के अचानक बीमार हो जाने या चोटिल हो जाने पर उसे पीठ पर उठाकर या पालकी में डाल कर ही खड़ी उतराई से होते हुए सड़क तक पहुंचा कर वाहन से अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिला परिषद अध्यक्ष से कई बार गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग की। बुधवार को जिप अध्यक्ष, विभाग के सर्वेयर, लेबर और ग्रामीणों की मौजूदगी में भड़ियाकोठी से चरोड़ी के लिए सड़क का सर्वे किया गया।