डीसी इलेवन ने 15 ओवर में बनाए 92 रन, रोहित की 41 रन की पारी से जीता सुल्तानपुर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ऐतिहासिक चौगान में रविवार को खेले गए क्रिकेट मुकाबले में सुल्तानपुर की टीम ने डीसी इलेवन को छह विकेट से हराकर जीत दर्ज की। मुकाबले में डीसी इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 92 रन बनाए। डीसी इलेवन की ओर से जोगिंद्र ने सर्वाधिक 29 रन की पारी खेली। सुल्तानपुर की ओर से मुन्ना ने दो विकेट चटकाए। 93 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुल्तानपुर की टीम ने चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में रोहित ने 41 रन और मोविश ने 30 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। डीसी इलेवन की ओर से विजय ने दो विकेट हासिल किए लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। सुल्तानपुर ने लक्ष्य हासिल करते हुए मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। ऐतिहासिक चौगान में क्रिकेट मुकाबला देखने के लिए खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के स्कोरर की भूमिका दर्शन सिंह चौहान ने निभाई।