चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में चल रही मिंजर मेला क्रिकेट प्रतियोगिता के प्री-क्वार्टर फाइनल बुधवार से शुरू हुए। इसमें सुल्तानपुर की टीम ने आरएलसी ओड़ा की टीम को 41 रन से हराया, जबकि बीआरटीसी की टीम ने स्पीड दुनाली की टीम को छह विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के स्कोरर दर्शन सिंह चौहान ने बताया कि पहले मैच में सुल्तानपुर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 145 रन बनाए। इसमें लक्की ने 49 और प्रियन ने 32 रन की पारी खेली। ओड़ा की ओर से बॉबी ने दाे विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओड़ा की टीम 104 रन पर ही सिमट गई। इसमें राणा ने 54 रन बनाए, लेकिन वह अपनी टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा पाए। सुल्तानपुर की ओर से डीके और आयुष ने दो-दो विकेट चटकाए। दिन के दूसरे मैच में स्पीड दुनाली की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दुनाली की टीम ने 141 रन बनाए। इसमें मौजी ने 41 और चिब्बा ने 37 रनों की पारी खेली। बीआरटीसी की ओर से विनय ने तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीआरटीसी की टीम ने छह विकेट शेष रहते यह मैच जीत लिया।