चंबा। जिले में अध्यापकों की कमी वाले स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई अब प्रभावित नहीं होगी। इन स्कूलों के विद्यार्थियों को अन्य स्कूलों के अध्यापक एलईडी के माध्यम से पढ़ाएंगे। सामाजिक उत्तरदायित्व योजना (सीएसआर) के तहत इन स्कूलों में एलईडी स्थापित कर दी गई हैं जिनके माध्यम से अब अध्यापक वर्चुअल माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई करवाएंगे। इससे स्टाफ की कमी से जूझ रहे सैकड़ों स्कूलों को कुछ हद तक राहत मिलेगी। प्रशासन की ओर से यह पहल की गई है जिसमें विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से राशि जुटाई गई है और स्कूलों में तमाम सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जिले के एक सौ माध्यमिक और उच्च स्कूलों में एलईडी स्थापित कर दी गई हैं। इनके माध्यम से जहां विद्यार्थी पढ़ाई कर सकेंगे वहीं दूसरी ओर अन्य स्कूलों के अध्यापक भी बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई करवा पाएंगे। गौरतलब है कि जिले में काफी स्कूल अध्यापकों की कमी से जूझ रहे हैं। अधिकतर विषयों के अध्यापक न होने के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है। कोरोना महामारी के दौरान भी अध्यापकों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाया है। ऐसे में एलईडी के जरिये ऑनलाइन पढ़ाई करवाने में अध्यापकों को दिक्कत नहीं होगी। समग्र शिक्षा के जिला परियोजना अधिकारी राजेश शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिले के एक सौ मिडल और हाई स्कूलों में सरकार के निर्देशानुसार एलईडी स्थापित कर दी गई हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई भी आसान होगी। अन्य स्कूलों के अध्यापक भी वर्चुअल माध्यम से कक्षाएं ले सकेंगे।