चंबा। जिले के विद्यार्थियों को एमकॉम, एमसीए और एमबीए करने के लिए धर्मशाला या शिमला नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए सरकार से हरी झंडी मिल गई है। चंबा कॉलेज में इसी सत्र से ये कोर्स शुरू होने की उम्मीद है।
कॉलेज प्रशासन ने प्रदेश विश्वविद्यालय से सत्र शुरू करने को लेकर पत्राचार शुरू कर दिया है। विवि से हरी झंडी मिलने पर ही सब निर्भर रहेगा। ये कोर्स चंबा में शुरू होने से जिले के विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। अभिभावकों की जेब पर भी कैंची नहीं चलेगी।
सदर के विधायक चंबा कॉलेज में एमकॉम, एमसीए और एमबीए जैसे कोर्स शुरू करने की मांग पहुंची थी। इस मामले को उन्होंने सरकार और शिक्षा मंत्री से उठाया था। अब सरकार ने चंबा में तीनों कोर्स शुरू करने की हरी झंडी दे दी है।
विद्यार्थियों में अमित कुमार, सुनील कुमार, राजीव कुमार, मालविका, निशा, आरती, पूजा, मीनाक्षी और रजनी ने बताया कि चंबा कॉलेज में ये कोर्स न होने पर विद्यार्थी शिमला, धर्मशाला, चंडीगढ़ की दौड़ लगा रहे थे। अब चंबा महाविद्यालय में ही ये कोर्स शुरू होने से विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. विद्यासागर ने बताया कि सरकार से चंबा कॉलेज में एमकॉम, एमसीए शुरू आरंभ करने को स्वीकृति मिल गई है। विश्वविद्यालय से इसके लिए पत्राचार किया जा रहा है। स्वीकृति मिलने पर इसी सत्र से ये कोर्स शुरू हो जाएंगे।
सदर के विधायक नीरज नैय्यर ने बताया कि विद्यार्थियों के भविष्य के लिए सरकार की ओर से एमकॉम, एमसीए व एमबीए कोर्स महाविद्यालय चंबा में शुरू करने की अनुमति मिल गई है।