चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करियां में विद्यार्थियों को आग की घटनाओं से बचाव के तरीके बताए गए। मंगलवार को दमकल विभाग की तरफ से पाठशाला में मॉकड्रिल करवाई गई। इसमें आगजनी सहित अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।
वोकेशनल शिक्षक अमित ठाकुर की इसमें विशेष भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में सिक्योरिटी ट्रेड के विद्यार्थियों द्वारा रोल प्ले एक्टिविटी प्रस्तुत की गई। इसमें आपात स्थिति में त्वरित निर्णय, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक सुरक्षा उपायों एवं अनुशासन के महत्व को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। प्रधानाचार्य रेखा शर्मा ने अग्निशमन विभाग और वोकेशनल शिक्षक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।