बनीखेत स्कूल में आयकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
विद्यार्थियों को आयकर विभाग की कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत/डलहौजी/चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनीखेत में आयकर जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। कार्यक्रम प्रधान आयकर आयुक्त-1 चंडीगढ़ शालिनी भार्गव कौशल एवं अतिरिक्त आयकर आयुक्त रेंज शिमला श्रीधर दोरा के दिशा निर्देशानुसार आयकर विभाग डलहौजी की ओर से करवाया गया।
कार्यक्रम में आयकर विभाग की तरफ से विनीत कुमार आयकर अधिकारी डलहौजी, अंकित मलिक निरीक्षक, राजेश शर्मा कर सहायक, शोभित चावला कर सहायक, पंकज कुमार एवं राजीव टंडन मौजूद रहे। उन्होंने स्कूल के विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान आयकर विभाग ने स्कूल के विद्यार्थियों को जागरूक किया एवं आयकर विभाग की कार्यप्रणाली के बारे में बताया। साथ ही विद्यार्थियों को यह बताया कि देश को प्रगतिशील बनाए रखने के लिए देश के नागरिकों को सही और समय पर आयकर जमा करना क्यों जरूरी है।
विनीत कुमार ने विद्यार्थियों की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब भी दिए। बताया कि आयकर विभाग की तरफ से यह जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में एक अच्छा टैक्स कल्चर डेवलप करने के लिए करवाया गया। क्योंकि बच्चे देश का भविष्य हैं और यह जागरूकता कार्यक्रम उन्हें आने वाले समय में देश का एक जिम्मेदार नागरिक बनने में मददगार साबित होगा। इसके साथ ही आयकर विभाग डलहौजी के सभी सदस्यों ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के अंतर्गत उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं अध्यापकों के साथ सत्य निष्ठा की शपथ भी ग्रहण की I
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम स्कूलों और कॉलेजों में भी आयोजित होंगे, ताकि वे जागरूक हो सकें। इस मौके पर विद्यालय प्रधानाचार्य प्रीतम चंद्र ठाकुर, प्रवक्ता हरि प्रसाद शर्मा, प्रवक्ता नीरज शर्मा, एवं अजय कुमार, विद्यार्थियों एवं स्कूल के सभी अध्यापकों एवं स्टाफ का आभार जताया।