चंबा। उत्कृष्ट महाविद्यालय योजना के तहत चंबा कॉलेज को एक करोड़ की राशि मिली है। इस राशि से तमाम सुविधाएं कॉलेज में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को अब कैंपस के भीतर ही मिलेंगी। विद्यार्थियों को ऑनलाइन फार्म, प्रवेश प्रक्रिया सहित प्रतियोगी परीक्षाओं के फार्म भरने में भी आसानी होगी। इसके लिए विद्यार्थी मित्र केंद्र खोला जाएगा। इसके अलावा चंबा रुमाल, कढ़ाई और चंबा चप्पल के लिए स्किल डेवलपमेंट कोर्स भी शुरू होंगे। यह तमाम सुविधाएं उत्कृष्ट महाविद्यालय योजना के तहत जारी हुई राशि से विद्यार्थियों को मिलेंगी।
जानकारी के अनुसार चंबा कॉलेज में वर्तमान में चार हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। कॉलेज को हाल ही में महाविद्यालय उत्कृष्ट योजना में शामिल किया गया है। इसके लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से शिमला में प्रेजेंटेशन दी गई। कॉलेज प्रशासन ने कुछेक बिंदुओं को लेकर प्रस्ताव दिया है। लिहाजा, अब इस योजना के तहत चयन होने पर प्रबंधन को एक करोड़ की राशि मिल चुकी है। इसके तहत जहां कॉलेज भवन का कायाकल्प होगा तो, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों को तमाम सुविधाएं मिलेंगी। कॉलेज गेट सहित भवन को कलर स्कीम के तहत विकसित किया जाएगा। कॉलेज में सोलर पैनल भी स्थापित किया जाएगा।
साथ ही कैंपस को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए वाहनों की आवाजाही भी कम की जाएगी। गौरतलब है कि इस योजना के तहत शामिल होने से कॉलेज विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिलेगी। कॉलेज प्राचार्य डॉ. शिवदयाल शर्मा ने खबर की पुष्टि की है।