चंबा। स्नो डयू हाइड्रो प्रोजेक्ट कूंर के कामगार मांगों को लेकर कंपनी के खिलाफ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। कामगारों ने कंपनी प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि लंबे समय से मजदूरों का शोषण करते हुए उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। आलम यह है कि तीन माह से श्रमिकों को वेतनमान का भुगतान नहीं हो पाया है। इसके अलावा मजदूरों को अन्य सुविधाएं और ईपीएफ का भुगतान भी नहीं हो पाया है। ऐसे में खिन्न हुए श्रमिक अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। वहीं, सीटू महासचिव और प्रधान ने श्रम विभाग से इस मामले में हस्तक्षेप कर श्रमिकों को न्याय दिलवाने की बात कही है। उन्होंने दो टूक शब्दों में साफ किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनकी हड़ताल जारी रहेगी।
सीटू महासचिव सुदेश ठाकुर ने कहा कि कंपनी प्रबंधन श्रमिकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। इसके बारे में मौखिक और लिखित में कंपनी प्रबंधन को अवगत करवाया गया। इस पर कंपनी प्रबंधन ने कोई कार्रवाई नहीं की। श्रमिकों ने फैसला लिया है कि जब तक यूनियन के प्रधान अजीत कुमार की काम पर बहाली नहीं हो जाती तब तक कोई भी श्रमिक काम पर नहीं आएगा। कंपनी प्रबंधन को 31 मई को लिखित में सूचित करवा दिया गया है।
कहा कि कंपनी प्रबंधन मजदूरों की मांगों को पूरा नहीं करता है तो आने वाले समय में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ और भी कड़े कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी। श्रम निरीक्षक ऋषभ चौधरी ने बताया कि लॉकडाउन के चलते अभी इस दिशा में कोई भी कदम नहीं बढ़ाया जा सकता।