चंबा। नगर परिषद की ओर से लगाई गई स्ट्रीट लाइटों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे धड़ोग के पास सड़क किनारे स्ट्रीट लाइटें जलती हुई दिखाई दीं। दिन के उजाले में लाइटों का जलना न केवल बिजली की बर्बादी है बल्कि नगर परिषद की लापरवाही को भी दर्शाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर रात के समय स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं, जिससे सड़कों पर अंधेरा पसरा रहता है। अंधेरे के कारण राहगीरों को ठोकरें खानी पड़ती हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। वहीं दूसरी ओर कुछ स्थानों पर दिन में ही लाइटें जलती रहती हैं, जिससे बिजली की अनावश्यक खपत हो रही है। लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि स्ट्रीट लाइटों की नियमित निगरानी और समय पर रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। जिससे रात के समय पर्याप्त रोशनी मिले।