डलहौजी (चंबा)। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किसान, बागवान, पशुपालक और मत्स्य पालन से जुड़े लोगों की आर्थिकी को सशक्त बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम कार्यालय डलहौजी में आयोजित बैठक में उन्होंने ये निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। उन्होंने किसानों-बागवानों की सुविधा के लिए सिंचाई योजनाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए और विभागीय योजनाओं के तहत प्रगति की समीक्षा की।
उपायुक्त ने सरकारी योजनाओं का लाभ जनसाधारण तक सुनिश्चित करने के लिए अंतर विभागीय समन्वय को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने राजस्व मामलों के त्वरित समाधान की दिशा में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री सुखाश्रय, अपना विद्यालय, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यटन विकास, विद्युत बोर्ड और जल शक्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। इस बैठक में जिलाधिकारी राजीव मिश्रा, तहसीलदार रमेश चौहान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अतुल शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।