चार दिन तक हॉकी, फुटबाल, बास्केटबाल, हैंडबाल और रग्बी में दमखम दिखाएंगे खिलाड़ी
बाल विद्यालय चंबा करेगा मेजबानी, विभाग ने स्कूल प्रबंधन को तैयारियों पूरी करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ऐतिहासिक चौगान एक बार फिर प्रदेशभर के उभरते खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा का साक्षी बनेगा। 16 से 19 अक्तूबर तक राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की मेजर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी हॉकी, फुटबाल, बास्केटबाल, हैंडबाल और रग्बी में प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता की मेजबानी राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा को सौंपी गई है।
चौगान में विभिन्न खेलों के मुकाबले करवाए जाएंगे, जिसमें खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। चार दिन तक चौगान में खेल गतिविधियों की रौनक रहेगी और विभिन्न खेलों के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। सहायक उच्च शारीरिक शिक्षा अधिकारी चंबा योगेश चौणा ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।