एसपी ने थाना और चौकी प्रभारियों से मांगी साप्ताहिक रिपोर्ट
चंबा और जम्मू-कश्मीर में करीब 500 एसपीओ कार्यरत
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। बिना सूचना कई दिन तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के खिलाफ अब कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात एसपीओ की ड्यूटी और उपस्थिति की साप्ताहिक रिपोर्ट नियमित रूप से भेजने को कहा है। चंबा और जम्मू-कश्मीर में करीब 500 एसपीओ कार्यरत हैं।
दरअसल, जिले में कुछ एसपीओ के बिना पूर्व सूचना दिए कई दिन तक ड्यूटी से नदारद रहने के मामले सामने आए हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने सख्ती दिखाई है। अब प्रत्येक सप्ताह एसपीओ की उपस्थिति और ड्यूटी से संबंधित रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेजनी होगी। बिना उचित कारण और पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने वाले एसपीओ के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा और खुफिया सूचनाएं जुटाने के लिए एसपीओ की तैनाती की गई है। ऐसे में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना उचित कारण ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने वाले एसपीओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।