हमीरपुर, मंडी के एमबीबीएस डाॅक्टरों को भी मिला पीजी कोर्स के लिए प्रवेश
हड्डी और मेडिसन विभाग में तीन साल का पीजी कोर्स करने के बाद देंगे सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज हिमाचल और छत्तीसगढ़ के लिए चार विशेषज्ञ तैयार करेगा। इनमें दो हड्डी रोग और दो मेडिसन विशेषज्ञ होंगे।
मेडिकल कॉलेज के हड्डी और मेडिसन विभाग में पीजी की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। नीट और पीजी की परीक्षा पास करने के बाद छत्तीसगढ़, हमीरपुर और मंडी के एमबीबीएस डाॅक्टरों को चंबा में प्रवेश मिला है। पिछले साल सरकार ने चंबा में पीजी कोर्स शुरू करने के लिए चार सीटें स्वीकृत की थीं। इनमें प्रवेश लेकर डॉक्टरों ने कोर्स भी शुरू कर दिया है। तीन साल तक वे मरीजों की बीमारी का इलाज करने में महारत हासिल करेंगे।
इन डॉक्टरों के पीजी कोर्स करने से मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं भी बेहतर होंगी। डॉक्टर ओपीडी सहित वार्डों में विशेषज्ञों के साथ सेवाएं देते नजर आएंगे। पहली बार मेडिकल कॉलेज में पीजी कोर्स शुरू हुआ है। इसका लाभ आने वाले समय में चंबा सहित प्रदेश के लोगों को मिलेगा। यहां तैयार होने वाले विशेषज्ञ प्रदेश सहित अन्य राज्यों में सेवाएं देंगे।
मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता डॉक्टर मानिक सहगल ने बताया कि पीजी की चार स्वीकृत सीटों पर तीन ने ज्वाइन कर लिया है। तीन साल बाद वे एक विशेषज्ञ बनकर यहां से जाएंगे। आने वाले समय में अन्य विभागों में भी यहां पीजी कोर्स शुरू हो सकते हैं।